छिंदवाड़ा में NHM डाटा मैनेजर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

छिंदवाड़ा में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने CMHO कार्यालय खजरी में पदस्थ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डाटा मैनेजर जितेन्द्र यदुवंशी को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। रिश्वत नर्सिंग ऑफिसर के स्थानांतरण के बदले मांगी गई थी। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नर्सिंग ऑफिसर पुष्पा वडघरे अपने स्थानांतरण के लिए डाटा मैनेजर के पास गई थीं, तब आरोपी ने 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत की। शिकायत के सत्य पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(b) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त और डीआईजी के निर्देशन में की गई।











