बलौदाबाजार में पिकअप पलटने से एक की मौत, 17 घायल:बेयरिंग टूटने से पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, पिकनिक मनाने जा रहे थे तुरतुरिया

बलौदाबाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना आज सुबह डोंगरीडीह गांव के पास हुई।
बिलासपुर जिले के भोथीडीह गांव से एक पिकअप वाहन (CG 07 AW 4726) कसडोल स्थित तुरतुरिया पिकनिक मनाने जा रहा था। वाहन में कैवर्त परिवार के लगभग 30 सदस्य सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप के पिछले पहिये का बेयरिंग अचानक टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई।
हादसे में घायलों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया
इस दुर्घटना में 55 वर्षीय राम प्रसाद कैवर्त की मौके पर ही मौत हो गई। 17 घायलों में से 5 की हालत गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायलों में 20 वर्षीय प्रिया कैवर्त, 10 माह के खिलेश कैवर्त, त्रिवेणी कैवर्त, 28 वर्षीय गंगा कैवर्त और 26 वर्षीय नितेश कैवर्त शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज कसडोल स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
गाड़ी के पिछले पहिये का बेयरिंग टूटने से हुआ हादसा
डीएसपी अपूर्व सिंह क्षत्रिय ने बताया, पिकनिक मनाने तुरतुरिया जा रहे लोगों की पिकअप गाड़ी के पिछले पहिये का बेयरिंग टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और 17 लोग घायल हुए हैं। यह मामला लवन थाना क्षेत्र का है।
30 लोग पिकअप में सवार होकर पिकनिक मनाने जा रहे थे तुरतुरिया
परिजन मोहित राम केवट ने जानकारी दी, हम लोग लगभग 30 लोग एक पिकअप गाड़ी में बकरा लेकर तुरतुरिया जा रहे थे। तभी गाड़ी अचानक घूमकर पलट गई, जिससे सभी को चोटें आईं।
चिकित्सक डॉ. वाई.के. शर्मा ने बताया, सड़क हादसे में घायल हुए 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 5 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।











