दुर्ग में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिलाई के खुर्सीपार स्थित आईटीआई मैदान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी “अन्ना रेड्डी” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए अवैध सट्टा संचालन और वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने मौके से बैंकिंग दस्तावेजों के साथ लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।
डिजिटल उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए। जब्त सामग्री से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के संचालन के अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी अजय कुमार मिश्रा, करण कुमार सिंह और बिहार निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और अवैध वित्तीय लेन-देन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
रांची तक फैला था सट्टा नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आईपीएल सीजन के दौरान आरोपी झारखंड के रांची में रहकर भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। पुलिस को डिजिटल डिवाइस और बैंकिंग रिकॉर्ड से कई महत्वपूर्ण वित्तीय एवं तकनीकी साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गरीबों को लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन जुआ और सट्टे से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने, छिपाने और नकदी निकालने के लिए किया जाता था।
कई बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए छिपाते थे लेन-देन
पुलिस के अनुसार आरोपियों के नेटवर्क में कई बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल नंबर और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि अवैध लेन-देन को ट्रेस करना मुश्किल हो सके। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










