मुंगेली: प्लांट हादसे के बाद फूटा आक्रोश, हाईवे जाम के बाद प्रशासन ने कराया समझौता

मुंगेली जिले के सरगांव तहसील अंतर्गत ग्राम रामबोड़ स्थित वासुदेव ट्रेड प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। कई घंटे चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी।
प्लांट परिसर में ट्रक हादसे का शिकार हुआ युव
जानकारी के मुताबिक ग्राम करही निवासी धर्मेंद्र यादव वासुदेव ट्रेड प्लांट परिसर में ट्रक की चपेट में आ गया था। गंभीर हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
शव रखकर हाईवे पर किया चक्काजाम
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर रखकर चक्का जाम कर दिया। आंदोलन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता आशुतोष पांडे, दिलीप कौशिक समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग का समर्थन किया। साथ ही प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप भी लगाया गया।
प्रशासन हरकत में आया, कई दौर की चली बातचीत
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर एसडीएम के मार्गदर्शन में सरगांव तहसीलदार अतुल वैष्णव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों, ग्रामीणों, आंदोलनकारियों और प्लांट प्रबंधन के साथ लगातार चर्चा की।











