खामेनेई की मौत पर ओवैसी का कड़ा रुख, हमले को बताया अमानवीय और गैरकानूनी

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की कथित तौर पर अमेरिका और इजराइल के हमले में मौत की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ गया है। इस घटनाक्रम पर एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले को अमानवीय, गैरकानूनी और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया है।
ओवैसी ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में इस तरह का हमला किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में किया गया यह कदम क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा है। उनके मुताबिक, जिनेवा में शांति वार्ता चल रही थी, उसी दौरान हमला होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों, यहां तक कि बच्चों की मौत की खबरें बेहद चिंताजनक हैं और मानवाधिकारों की बात करने वाले देशों के दोहरे मापदंड उजागर होते हैं। ओवैसी ने आशंका जताई कि इस घटना के बाद मध्य पूर्व में हालात और बिगड़ सकते हैं तथा ईरान जवाबी कार्रवाई कर सकता है।
ओवैसी ने भारत सरकार से अपील की कि वह तनाव कम करने और शांति स्थापित करने के लिए सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि हिंसा और युद्ध का असर केवल संबंधित देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संघर्ष लंबा खिंचता है तो वैश्विक तेल कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका सीधा असर भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर पड़ेगा। उनके अनुसार, तेल की कीमत में मामूली वृद्धि भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर भारी पड़ सकती है।











