दर्दनाक…, टूटे बिजली तार की चपेट में आई महिला, बचाने गई देवरानी को भी लगा करंट, दोनों की मौत

ओडिशा के ढेंकानाल जिले के हिंदोल इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। मंगलवार रात आए तूफान के बाद टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में दो महिलाएं आ गईं। हादसे के बाद दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया लेकिन दोनों को ही बचाया नहीं जा सका। महिला और उसकी देवरानी की मौत के हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान रंजु देहुरी और मनीषा देहुरी के रूप में हुई है।

यह दर्दनाक घटना हिंदोल के रंजगोला गांव में बुधवार सुबह हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात आए तेज तूफान के दौरान एक बिजली का तार टूटकर घर के पीछे वाले हिस्से में गिर गया था। परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं थी और उन्हें यह भी पता नहीं था कि तार लाइव थी। बुधवार सुबह रंजु देहुरी किसी काम से घर के पीछे गई थीं। इसी दौरान उनका पैर गलती से टूटे हुए बिजली के तार पर पड़ गया। करंट लगते ही वह तार में फंस गईं और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं। रंजु की चीख सुनकर उनकी देवरानी मनीषा देहुरी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने रंजु को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद भी बिजली के तार की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और जमीन पर गिर पड़ीं।

डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया

परिजनों ने जब दोनों महिलाओं की आवाज सुनी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों महिलाओं को बेहोशी की हालत में पाया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे इलाज के लिए हिंदोल के सरकारी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद उठे सवाल

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस हादसे ने बिजली विभाग की सतर्कता और तूफान के बाद टूटे बिजली तारों की समय पर जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते टूटे तार की जानकारी मिल जाती, तो शायद दो जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com