कुचामन में फिर दहशत: भाजपा नेता को विदेशी नंबर से धमकी, “तैयारी पूरी है…”

डीडवाना – कुचामन : जिले के कुचामन सिटी में एक बार फिर दहशत का माहौल गहराता जा रहा है। करीब 34 दिन की शांति के बाद धमकी भरे कॉल और ऑडियो का सिलसिला फिर शुरू हो गया है.भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को कुछ समय पहले विदेशी नंबरों से लगातार धमकी भरे वॉइस नोट भेजे गए थे.कुछ दिन के विराम के बाद ये सिलसिला फिर शुरू हो गया है जिससे शहर में हड़कंप मच गया है.
ताजा ऑडियो में खुद को वीरेंद्र चारण बताने वाले व्यक्ति ने चेतावनी दी— “हमें मजबूर मत कर… हमने पूरी तैयारी कर रखी है”.ऑडियो में जयपुर में उनकी गतिविधियों, गार्ड्स के साथ मौजूदगी और निजी कार्यक्रमों तक की जानकारी होने का दावा किया गया है,जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
सूत्रों के अनुसार, विदेशी नंबर (यूनाइटेड किंगडम कोड) से बार-बार कॉल, मिस कॉल और व्हाट्सएप मैसेज किए जा रहे हैं.फोन नहीं उठाने पर “फोन उठा” जैसे मैसेज और उसके बाद धमकी भरे वॉइस नोट भेजे गए.
भाजपा जिले उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को अब तक लगभग 10 से ज्यादा ऑडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें दबाव बनाने वाली भाषा और गंभीर चेतावनियां दी गई हैं.
2025 की वारदात की फिर गूंज
इस पूरे घटनाक्रम ने साल 2025 की उस खौफनाक घटना की यादें फिर ताजा कर दी हैं, जब कारोबारी रमेश रुलानिया को पहले इसी तरह धमकियां मिली थीं और बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी.
अब एक बार फिर उसी तरह के ऑडियो और चेतावनियों ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है.
धरना-प्रदर्शन, सड़कों पर उतरा था शहर
धमकियों के विरोध में बीते दिनों कुचामन पूरी तरह बंद रहा था। सर्व समाज के आह्वान पर बाजार बंद रहे और कनोई पार्क से थाने तक रैली निकाली गई थी.
रैली पुलिस थाने के बाहर धरने में बदल गई, जहां लोगों ने बढ़ते अपराध और लगातार मिल रही धमकियों पर गहरी नाराजगी जताई थी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी.
पुलिस अलर्ट, जांच तेज
लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और साइबर टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.कॉल और ऑडियो की तकनीकी जांच की जा रही है.
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं स्थानीय स्तर पर किसी के जरिए जानकारी लीक तो नहीं हो रही, क्योंकि ऑडियो में गतिविधियों की सटीक जानकारी होने का दावा किया गया है.
शहर में फिर दहशत, सुरक्षा पर सवाल
34 दिन बाद दोबारा शुरू हुए इस धमकी के सिलसिले ने पूरे कुचामन को झकझोर दिया है। राजनीतिक गलियारों से लेकर आमजन तक हर कोई डरा हुआ है और एक ही सवाल पूछ रहा है— आखिर कब थमेगा यह खौफ?
फिलहाल प्रशासन सख्त कार्रवाई का भरोसा दे रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऑडियो ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.











