फतेहपुर: जिले के लोगों की होली होगी रंगीन, 3 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 01.86 करोड़ के साथ जिले के 2.91 लाख उज्ज्वला परिवारों के खाते में निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण रिमोट का बटन दबाकर किया.
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद फतेहपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ0 अविनाश त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर एवं भारी संख्या में उज्ज्वला योजना के महिला लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि होली का पर्व समता का पर्व बिना भेदभाव के सभी लोग आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार को मनाए. होली की खुशी बढ़ाने के लिए वर्ष 2022 से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना चलाई गई और होली एवं दीपावली के मौके पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल कराने के लिए सब्सिडी दी जा रही है.

हमारी डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबके विश्वास के आधार पर कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महिला सुरक्षा, महिला सम्मान, स्वावलंबन को आगे बढ़ाने की दिशा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है क्योंकि जब हमारी बेटियां सशक्त होगी तभी देश खुशहाल होगा.
जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने आगामी त्यौहारों की बधाई देते हुए कहा कि जनपद में 291720 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी है, उसके सापेक्ष 234809 लाभार्थियों का ई–केवाईसी पूर्ण हो चुका है, प्रथम चरण एक सिलेंडर दीपावली के अवसर पर एवं मार्च में होली के अवसर पर पूर्णतया निःशुल्क प्रदान किए जायेंगे. उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों की ई–केवाईसी वर्तमान में अपूर्ण है, जल्द से जल्द पूर्ण कराते हुए निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराएं.
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम्य विकास विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास व जीरो पावर्टी में चयनित लोगों का सर्वे कराकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से लाभान्वित कराएं. उन्होंने महिलाओं से से कहा है प्रेक्षा गृह परिसर में स्वास्थ्य कैंप, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना(गोल्डन कार्ड) हेल्प डेस्क से जानकारी प्राप्त कर अपने ग्राम/मोहल्ले में जरूरतमंद को दें ताकि जानकारी होने पर पात्र लाभार्थी लाभांवित हो सके.
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक सिलेंडर व चेक का वितरण किया गया. इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, एआरओ, कर्मचारी सहित उज्ज्वला योजना के लाभार्थी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे.










