जशपुर में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

जशपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित यह प्रदर्शनी 16 से 18 जून तक रणजीता स्टेडियम के सामने स्थित जुदेव चौक में लगाई गई है। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पद्मश्री जागेश्वर यादव ने किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान हुए प्रमुख विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़े प्रयासों को आकर्षक तस्वीरों और सरल जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, लखपति दीदी योजना और विकसित भारत संकल्प अभियान जैसी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
कृषि और ग्रामीण विकास की उपलब्धियां भी शामिल
कृषि क्षेत्र में हुए सुधार, ई-नाम प्लेटफॉर्म के जरिए कृषि विपणन को बढ़ावा और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों को चित्रों एवं आंकड़ों के माध्यम से समझाया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जहां शासन की योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र दिखाए जा रहे हैं। यह आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
देश की बड़ी उपलब्धियों को दी गई जगह
प्रदर्शनी में चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार, वंदे भारत ट्रेन, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल क्रांति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की जानकारी
स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी शामिल किया गया है।
देश आत्मनिर्भर और सशक्त बना- जागेश्वर यादव
मुख्य अतिथि पद्मश्री जागेश्वर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
गांव-गांव तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई धारा बह रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी लोगों को योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है।
लोगों से प्रदर्शनी देखने की अपील
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और शासन की योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।











