कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, पेड़ से टकराई; 9 घायल, 3 की हालत गंभीर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

गोढ़ी कार्बन फैक्ट्री जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, रजगामार के दरगा गांव के 12 से अधिक मजदूर रोज की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए पिकअप वाहन से निकले थे। सुबह करीब 8 बजे बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप सड़क किनारे पलट गई और एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, बचाई मजदूरों की जान

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिकअप के नीचे दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर पलटी हुई पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन मजदूरों की हालत गंभीर

हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूरों में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी शामिल हैं। वहीं अन्य घायल मजदूरों का भी अस्पताल में इलाज जारी है। घायल सविता ने बताया कि वे सभी मजदूरी के लिए फैक्ट्री जा रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर उठे सवाल

गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत हैं। मजदूरों के आने-जाने के लिए ठेकेदार पिकअप वाहनों की व्यवस्था करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन वाहनों में अक्सर क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही वाहन की स्थिति और ओवरलोडिंग के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com