मेलबर्न में पीएम मोदी का भारतीय समुदाय को संबोधन, बोले- ‘ग्रो मोर, अचीव मोर’ है नए भारत की पहचान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित ‘मेलबर्न मीट मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प देश की नई प्रेरणा है और इसका मूल मंत्र ‘ग्रो मोर, अचीव मोर’ है। कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने इसमें भाग लिया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे पहले वह दो बार सिडनी में भारतीय समुदाय से मिले थे, लेकिन मेलबर्न आने का इंतजार था। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में यह उनकी ऑस्ट्रेलिया की तीसरी यात्रा है, जो दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने अपनी संस्कृति और परंपराओं से मेलबर्न को और अधिक जीवंत बना दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीयों ने अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखा है। उन्होंने भारतीय परिवारों की जीवनशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के घरों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराएं और त्योहार आज भी पूरे उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को नई मजबूती दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी बाजार बन चुका है और अब स्वदेशी 6जी तकनीक पर तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और अब नमो भारत रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश का लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि लगातार नई ऊंचाइयों को हासिल करना है। इसी सोच के साथ ‘ग्रो मोर, अचीव मोर’ भारत की नई कार्य संस्कृति बन चुकी है।

कार्यक्रम से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की मित्रता नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के अच्छे मित्र हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संकट के समय भारत हमेशा आगे बढ़कर सहयोग करता है।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक की और रक्षा, ऊर्जा, व्यापार तथा निवेश सहित कई अहम विषयों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम और आर्थिक रोडमैप कार्यक्रम में दोनों देशों के उद्योग जगत, निवेशकों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियनसुपर की ओर से भारत में 50 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश की घोषणा का भी स्वागत किया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com