खालिदा जिया के निधन पर पीएम मोदी का संदेश, नेतृत्व और विरासत को किया याद

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ढाका में खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री का शोक पत्र सौंपा।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा कि खालिदा जिया के निधन की खबर से उन्हें अत्यंत दुख पहुंचा है और इस व्यक्तिगत क्षति पर उन्होंने संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने जून 2015 में ढाका में खालिदा जिया के साथ हुई मुलाकात और बातचीत को याद करते हुए कहा कि वह एक दुर्लभ संकल्प और दृढ़ विश्वास वाली नेता थीं।

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि खालिदा जिया को बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त था। उन्होंने बांग्लादेश के विकास में अहम भूमिका निभाई और भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भरा नहीं जा सकता, लेकिन उनकी सोच और विरासत आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देती रहेगी।

प्रधानमंत्री ने यह भी विश्वास जताया कि खालिदा जिया के आदर्शों को तारिक रहमान के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी और ऐतिहासिक साझेदारी को और समृद्ध करने की दिशा में मार्गदर्शक साबित होगा।

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के लोगों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस राष्ट्रीय शोक के समय में उनके विचार पूरे देश के साथ हैं। उन्होंने तारिक रहमान और उनके परिवार को इस कठिन समय से उबरने के लिए शक्ति और साहस की कामना करते हुए भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

close