मुंबई में PNG कनेक्शन को बढ़ावा, 90 दिन बाद गैसीफाइड सोसायटियों में बंद हो सकती है LPG सप्लाई

महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में किफायती और पर्यावरण अनुकूल पाइप नैचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन वितरण में तेजी लाने की घोषणा की है।
भारत सरकार ने उन क्षेत्रों में घरेलू पीएनजी कनेक्शनों के तेजी से विस्तार के लिए एक देशव्यापी अभियान शुरू किया है जहां सिटी गैस वितरण का मूलभूत ढांचा पहले से स्थापित हो चुका है।
महाराष्ट्र सरकार की इसी नीति के तहत एमजीएल ने एमएमआर में पीएनजी की उपलब्धता वाली उन सभी गैसीफाइड हाउसिंग सोसायटियों के सदस्यों को पीएनजी कनेक्शन लेने का आग्रह किया है, जिन्होंने अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है।
जल्द से जल्द लगवाएं पीएनजी कनेक्शन
कंपनी ने उन्हें सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करें और सुविधा, बचत व सुरक्षा का लाभ उठाएं। महानगर गैस के प्रबंध निदेशक प्रवीर कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हम उपभोक्ताओं से आग्रह करते हैं कि वे जल्द से जल्द अपने पीएनजी कनेक्शन लगवा लें और अपनी घरेलू गैस आपूर्ति में किसी भी बाधा से बचें।
तो बंद हो जाएगी एलपीजी की आपूर्ति
एमजीएल ने एक बयान में कहा कि पीएनजी की उपलब्धता वाली उन सभी हाउसिंग सोसायटियों से अपील की गई है कि वे अपने सोसायटी सदस्यों को पीएनजी अपनाने की सलाह दें, अन्यथा गैसीफाइड सोसायटियों में सूचित किए जाने के 90 दिनों के बाद उनकी एलपीजी की आपूर्ति रोकी जा सकती है।
यह उपाय संबंधित तेल विपणन कंपनी (ओएमसी) के साथ समन्वय बिठाकर लागू किया जा रहा है, जो समान रूप से एक वैधानिक दायित्व के तहत उन पतों पर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति न करने के लिए बाध्य है जो चालू पीएनजी नेटवर्क के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में स्थित है।











