बिलासपुर में नाले से अर्धनग्न महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे परिसर के पास तितली चौक स्थित नाले में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची तोरवा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

नाले में शव मिलने से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लोगों ने तितली चौक के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा देखा। शव अर्धनग्न अवस्था में होने के कारण इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

पहचान के लिए सभी थानों को भेजी गई तस्वीर

मौके पर पहुंची तोरवा थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला की पहचान कराने के लिए उसकी तस्वीर जिले सहित आसपास के सभी थानों में भेजी गई है। इसके अलावा गुमशुदगी के दर्ज मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com