प्रयागराज हॉस्टल में वॉलीबॉल खिलाड़ी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 17 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रत्यूष राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के छात्रावास के एक कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रत्यूष राय पिछले चार वर्षों से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल में रहकर वॉलीबॉल की ट्रेनिंग ले रहा था। हाल ही में उसका चयन जूनियर एशिया कप की टीम में हुआ था। सोमवार रात वह अन्य खिलाड़ियों के साथ मेस में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था।

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब कुछ जूनियर खिलाड़ी उसे जगाने पहुंचे, तो वह कमरे में फर्श पर अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक प्रत्यूष राय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इन दिनों प्रत्यूष का रूम पार्टनर गांव गया हुआ था, जिस कारण वह कमरे में अकेला रह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से खेल जगत और खिलाड़ियों में शोक की लहर है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com