अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज, परिचितों के घरों पर छापेमारी जारी

छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पुलिस ने अमित बघेल पर 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया है और उनके कई परिचितों के घरों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को जानकारी मिली है कि अमित बघेल गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने परिचितों के घरों में छिप रहे हैं।

पुलिस ने रविवार को सड्डू निवासी शिवेंद्र वर्मा और धरमनगर टिकरापारा में रहने वाले अजय यादव के घरों पर दबिश दी। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की कई टीमें रायपुर और आसपास के जिलों में भी सर्च अभियान चला रही हैं।

गौरतलब है कि अमित बघेल ने 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ प्रकरण के बाद अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल जी पर विवादित टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के बाद अग्रवाल और सिंधी समाज ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। रायपुर समेत कई जिलों में अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, उन पर रायपुर, दुर्ग, धमतरी, इंदौर, नोएडा, महाराष्ट्र और प्रयागराज में भी मामले दर्ज हैं।

वहीं, ‘बिग बॉस 13’ फेम हिंदुस्तानी भाऊ ने भी अमित बघेल के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की गलती के कारण पूरे समाज या धर्म को बदनाम करना गलत है। सिंधी समाज ने हमेशा शांति और भाईचारे का संदेश दिया है।

अग्रवाल समाज ने भी बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन देश की सामाजिक एकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं। समाज ने मांग की है कि अमित बघेल अपने बयान के लिए माफी मांगें।

छत्तीसगढ़ पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। अधिकारियों ने दावा किया है कि उसके ठिकानों का पता लगा लिया गया है और टीम लगातार दबिश दे रही है। समाजिक संगठनों ने राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के विवादित बयान कोई न दे सके।