नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत तेज, बैज बोले – गरीबों का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी बनाना स्वीकार नहीं

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीबों के आशियाने उजाड़कर विधायक कॉलोनी बनाना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रस्तावित कॉलोनी के लिए वैकल्पिक स्थान चुनने की मांग की है।
30-40 साल से रह रहे परिवारों पर चली कार्रवाई
दीपक बैज ने कहा कि नकटी गांव में कई परिवार पिछले तीन से चार दशकों से निवास कर रहे थे। प्रशासन ने 29 जून को बुलडोजर कार्रवाई कर दर्जनों मकानों को ध्वस्त कर दिया। उनके अनुसार, प्रभावित मकानों में प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने घर भी शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान ग्रामीण अपने घर बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। बैज ने कहा कि विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए गरीबों के घरों को तोड़ना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
पुनर्वास व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने पुनर्वास व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को एक कमरे के मकान दिए जा रहे हैं, जबकि कई परिवारों में 20 से 25 सदस्य रहते हैं। ऐसे में एक कमरे का मकान उनके लिए पर्याप्त नहीं है।
बैज ने दावा किया कि उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया। पुनर्वास के लिए दिए गए मकानों में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। साथ ही मकानों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जिसका भुगतान कौन करेगा, इस पर भी सरकार ने कोई स्पष्टता नहीं दी है।
कांग्रेस विधायकों ने सीएम को लिखा पत्र
दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और जनक ध्रुव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि किसी गरीब का घर उजाड़कर बनने वाली विधायक कॉलोनी उन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ-साथ भाजपा विधायकों से भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की अपील की।
बैज ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को गरीबों के हितों के साथ खड़ा होना चाहिए और ऐसे किसी भी प्रोजेक्ट का समर्थन नहीं करना चाहिए, जिससे लोगों का आशियाना छिन जाए।
भाजपा नेताओं पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के स्थानीय विधायक और सांसद पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि उनके घर नहीं टूटेंगे, लेकिन बाद में प्रशासन ने कार्रवाई कर दी।
बैज ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में बच्चों की साइकिलें, किताबें और घरेलू सामान तक मलबे में दब गए। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों से माफी मांगने, उचित मुआवजा देने और उसी स्थान पर नए मकान बनाकर देने की मांग की।











