शराब के नशे में स्कूल के पास झूमता दिखा प्रधान पाठक, छात्रों ने संभाला, वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मस्तूरी क्षेत्र के धनगवां संकुल अंतर्गत ग्राम नेवारी में पदस्थ प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल के पास झूमते हुए देखा गया। इस दौरान स्कूल के छात्र उसे संभालते नजर आए। पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक स्कूल नेवारी में पदस्थ प्रधान पाठक हितेंद्र तिवारी गुरुवार को नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। कुछ देर बाद वे स्कूल से बाहर निकले और वहीं पास में गिर पड़े। उन्हें संभालने के लिए स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे आगे आए, लेकिन शिक्षक के अधिक नशे में होने के कारण छात्र उन्हें संभाल नहीं पाए और वे बार-बार गिरते रहे। यह नजारा देखकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और वीडियो बना लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान पाठक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आता है। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। इस बार वीडियो वायरल होने के बाद सरपंच प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने तत्काल बीईओ शिवराम टंडन को इसकी सूचना दी और लिखित शिकायत सौंपी।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। बीईओ ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और पुष्टि होने पर प्रधान पाठक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है बल्कि मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा करता है।