गर्भवती महिला ने बिलाईगढ़ CHC में प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान की शुरुआत की; फीता काटकर किया शुभारंभ, सम्मानित हुईं महिलाएं

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का शुभारंभ गर्भवती महिला हेमलता साहू ने फीता काटकर किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशी जायसवाल के नेतृत्व में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को रंगोलियों से सजाया गया था। कार्यक्रम में मौजूद सभी गर्भवती महिलाओं का तिलक लगाकर और पुष्प छिड़ककर सम्मान किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने भी गर्भवती महिलाओं का सम्मान किया।
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान
बिलाईगढ़ बीएमओ डॉ. शशी जायसवाल ने बताया कि अभियान के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन और सोनोग्राफी की जा रही है। ‘छत्तीसगढ़ की महतारी, हम सब की जिम्मेदारी’ थीम पर गर्भवती महिलाओं का इलाज किया जा रहा है।
निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा से ग्रामीणों को राहत
बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते एक माह से गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा हर माह 9 और 24 तारीख को निर्धारित की गई है। इससे ग्रामीणों को सोनोग्राफी में होने वाले खर्च से राहत मिल रही है। बिलाईगढ़ क्षेत्र के सोनोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश लाल जांगड़े निशुल्क सोनोग्राफी कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
गर्भवती महिला ने जताई खुशी
कार्यक्रम का शुभारंभ करने वाली गर्भवती महिला हेमलता साहू ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में गर्भवती महिलाओं का सम्मान किया गया, जिससे उनका हौसला बढ़ा है। उन्होंने निशुल्क सोनोग्राफी और अन्य जांच सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे गरीब लोगों का हजारों रुपए का खर्च बच रहा है।











