धमतरी–आमदी सड़क मरम्मत में भ्रष्टाचार का आरोप, उखड़ी बजरी लेकर PWD कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धमतरी–आमदी सड़क मरम्मत कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेवा के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्य डामेश्वर साहू के नेतृत्व में सड़क से उखड़ी बजरी को सबूत के तौर पर लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचाया गया।

डामेश्वर साहू ने बताया कि लगभग एक साल बाद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन उसमें गंभीर लापरवाही बरती गई। आरोप है कि गड्ढों को भरने में डामर का सही उपयोग नहीं किया गया और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़क से बजरी उखड़ने लगी।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर महापौर और विधायक श्रेय लेने में जुटे रहे, लेकिन अब खराब निर्माण की जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं। डामर के गायब होने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के निकलेश देवान ने भी सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। आमदी गांव से सूचना मिलने के बाद मौके पर जांच की गई, जहां डामरीकरण में भारी अनियमितताएं सामने आईं।

निकलेश देवान ने आरोप लगाया कि मरम्मत कार्य परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत था, इसके बावजूद अधिकारियों ने समय पर जांच नहीं की। नियमों के अनुसार, इस अवधि में खराब सड़क की मरम्मत ठेकेदार को करनी होती है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।

पीडब्ल्यूडी के एसडीओ एमडी पैकरा ने बताया कि सड़क निर्माण पावर कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया गया था और मरम्मत कार्य परफॉर्मेंस गारंटी के तहत कराया गया था। सड़क से लाई गई सामग्री के आधार पर मौके पर जाकर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तीन वर्ष पूर्व हुआ था और गारंटी अवधि अभी शेष है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com