धमतरी: पुलिस गश्त पर उठे सवाल?, कुरुद में एक ही रात तीन बड़ी चोरी

कुरूद: अगर अपराधी पुलिस को चुनौती देना चाहें तो वो कुरूद का नक्शा देख लें. बीती रात चोरों ने पुलिस अनुविभाग कार्यालय (एसडीओपी ऑफिस) से कुछ ही कदम दूर, सांघा चौक मेन रोड पर तीन दुकानों के शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए है। यह घटना न केवल पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि सीधे-सीधे एसडीओपी कार्यालय की नाक के नीचे सुरक्षा पर बड़े प्रश्न चिह्न लगा रही है.
मंगलवार की रात नगर पालिका कुरुद के प्राइम लोकेशन पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार चोरों ने अमित गुप्ता डेली नीड्स, कमला मेडिकल और पद्यनाथम ट्रेडर्स में सेंधमारी कर नकदी पर हाथ साफ किया। चौंकाने वाली बात यह कि संदिग्ध मोटरसाइकिल 2:43 बजे रात को सीसीटीवी में कैद है, जबकि पुलिस गश्त 3:30 बजे तक क्षेत्र में होने की बात बताती है। सवाल उठता है—गश्त हुई, तो चोर कैसे घूमते रहे? और अगर चोर घूमते रहे, तो गश्त कहाँ थी?
पुलिस तंत्र में सतर्कता का अभाव उजागर
नगर का यह वह इलाका है जहाँ न केवल एसडीओपी कार्यालय और पुलिस है, बल्कि अनेक जनप्रतिनिधि भी निवास करते हैं। इसके बावजूद चोरी—यह बताने को काफी है कि अपराधियों में कानून का भय नहीं और पुलिस तंत्र में सतर्कता का अभाव है।स्थानीय व्यापारी और नागरिकों ने कहा कि जब एसडीओपी कार्यालय के साये में दुकानों की सुरक्षा नहीं, तो आम नागरिक की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जाए? लोगों में नाराजगी और रोष स्पष्ट है.
नगरवासियों द्वारा लगाये जा रहे तमाम आरोपो पर अब पुलिस को साबित करना पड़ेगा कि अपराधियों को सुरक्षा का लाइसेंस नहीं मिला है और वे किसी भी सूरत में बख्से नही जायेंगे। नगरवासी मांग कर रहे हैं कि सख्त कार्रवाई, तेज पहचान और रात्री गश्त में सख्त सुधार लाया जाये.
सभी आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे : एसडीओपी
इस संदर्भ में एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने मीडिया से कहा है कि बीती रात हुई चोरी की वारदात को लेकर हमारी टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है, कुछ क्लू भी उन्हें मिला है जिसके आधार पर वे सभी आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचा देंगे.











