राहुल गांधी-चिंतामणि महाराज आमने-सामने, रायपुर एयरपोर्ट की तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में मचाई हलचल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 21 जून को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 40 मिनट तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठन और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

एयरपोर्ट पर BJP सांसद चिंतामणि महाराज के साथ दिखे राहुल गांधी

प्रशिक्षण शिविर से लौटने के दौरान रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में राहुल गांधी और सरगुजा से बीजेपी सांसद चिंतामणि महाराज एक साथ बैठे नजर आए। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

कांग्रेस से बीजेपी तक का सफर बना चर्चा का विषय

चिंतामणि महाराज पहले कांग्रेस का हिस्सा रह चुके हैं और विधायक के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। ऐसे में राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात को लेकर अलग-अलग राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि दोनों नेताओं की बातचीत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राहुल गांधी ने प्रदेश के मुद्दों पर नेताओं से की चर्चा

रायपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई अहम विषयों पर मंथन किया। बैठक के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की रणनीति और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

तमनार और हसदेव के मुद्दों पर बनेगी रणनीति

टीएस सिंहदेव ने बताया कि तमनार और हसदेव क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस विशेष रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी के नेता प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं और मांगों को समझेंगे तथा उसी आधार पर आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com