हाथियों के हमले से दहला रायगढ़: 2 की मौत, मासूम बची; सूंड से वन विभाग की गाड़ी पर वार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में हाथियों के हमले से 2 लोगों की मौत हो गई। हाथी बस्ती में घुस आया और जान बचाकर भाग रही महिला को कुचल दिया। मां को पकड़कर उसकी मासूम बेटी रोती दिखी।

वहीं, शौच के लिए निकले ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। जिससे उसकी जान चली गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे वन विभाग के अमले की गाड़ी को भी हाथी ने सूंड से धक्का मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल, दोनों मामलों में वन विभाग ने आगे की कार्रवाई कर रही है।

बस्ती में घुसे हाथी ने महिला को कुचला

पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के ग्राम तालगांव बस्ती की है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हाथी गांव में घुस आया। हाथी को देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही शकुंतला बाई (37) पर हाथी ने हमला कर दिया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शौच के लिए निकले ग्रामीण की भी गई जान

दूसरी घटना छाल रेंज के ग्राम औरानारा की है। गांव निवासी बंधन अगरिया (50) सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बस्ती के पास मौजूद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीण हाथी के काफी करीब पहुंच गया था, जिसके बाद हाथी ने पलटकर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने आक्रामक होकर वन विभाग की गाड़ी पर हमला कर दिया। हाथी ने अपने सिर से धक्का मारकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

परिजनों को तत्काल सहायता, गांवों में अलर्ट

इस मामले में धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कापू और छाल रेंज में हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत हुई है। दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com