रायगढ़ शर्मसार: भीख मांगकर गुजारा करने वाली नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी जेल भेजा गया

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता भीख मांगकर अपना जीवनयापन करती है। आरोप है कि दरोगापारा निवासी एक युवक उसे बहला-फुसलाकर निर्माणाधीन परिसर में ले गया और अलग-अलग दिनों में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर घटना किसी को न बताने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे जबरन एक निर्माणाधीन भवन परिसर में ले जाकर गलत काम करता था।
इस घटना को लेकर शहर में इसलिए भी चर्चा है क्योंकि घटनास्थल कथित तौर पर शहर के संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल इलाके में स्थित है, जहां वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास और महिला थाना भी मौजूद हैं।
रायगढ़ के एसएसपी शशिमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।











