पटना समेत 9 जिलों में बारिश, पूरे बिहार में अलर्ट:13 जिलों में हैवी रेन की संभावना; अगले 3-4 दिनों तक अच्छी बारिश होगी

बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। पटना, बेगूसराय, सीवान, मधेपुरा, सुपौल में सुबह-सुबह बारिश हुई है। दोपहर में गयाजी, बगहा, जहानाबाद और पूर्णिया में झमाझम बारिश हुई है। आसमान में बादल छाए हैं।
मौसम विभाग ने आज पूरे बिहार में बारिश की संभावना जताई है। पटना समेत 13 जिलों में तेज बारिश का ऑरेज अलर्ट है। जबकि 25 जिलों में यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कई जिलों में बारिश की भी संभावना है। 50 से 60Kmph की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान खगड़िया, समस्तीपुर, सासाराम और जमुई में झमाझम बारिश हुई। वहीं, औरंगाबाद में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, राजधानी पटना में दिनभर बादल छाए रहे।
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
मंगलवार को कैमूर 38.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, सासाराम का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, जिन इलाकों में बारिश हुई, वहां तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में हल्की उमस जरूर रही, लेकिन ठंडी हवा चलने से लोगों को काफी राहत मिली।
बारिश अभी भी सामान्य से हुई कम
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून तक बिहार में मानसून सीजन के दौरान 87.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत वर्षा 163.3 मिमी होती है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षा की गतिविधि में तेजी आई और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक वर्षा उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में रिकॉर्ड की गई।











