राजस्थान: “नशे के खिलाफ नागौर पुलिस का ‘ऑपरेशन संकल्प’ तेज: स्मैक, अफीम और अवैध खेती पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

नागौर , जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत नागौर पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन अहम ऑपरेशन को अंजाम दिया. एसपी रोशन मीणा के निर्देशों पर की गई इन कार्रवाइयों में स्मैक, अफीम और अवैध खेती से जुड़ा बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है.

सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 86 ग्राम स्मैक, 2,15,350 रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की. इस मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर नरेश पुत्र गणेशाराम को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पहले से ही करीब 30 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं.


वहीं श्री बालाजी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 1 किलो 663 ग्राम अफीम और 50,100 रुपये की बिक्री राशि के साथ आरोपी शिवराम पुत्र रामूराम को गिरफ्तार किया। इसके अलावा खींवसर थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डोडा के 600 हरे पौधे जब्त किए और आरोपी तिलोकराम पुत्र कानाराम को दबोचा.

गौरतलब है कि खींवसर इलाके में कुछ दिन पहले भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 किलो डोडा और 5,000 से अधिक पौधे जब्त किए थे, जिससे साफ है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है.
नागौर सीओ आईपीएस जतिन जैन ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और उनकी संपत्तियों व आय के स्रोतों की भी जांच की जा रही है.

इस पूरे मामले पर एसपी रोशन मीणा ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “नशा तस्करों के लिए नागौर में कोई जगह नहीं है। या तो वे नशे का कारोबार छोड़ दें या फिर नागौर छोड़ दें। पुलिस संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी मजबूती से कार्रवाई कर रही है.”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

close