मध्य प्रदेश के गांधीसागर अभयारण्य में दिखा दुर्लभ कैराकल, ट्रैप कैमरे में आई तस्वीर

मंदसौर। गांधीसागर अभयारण्य में दुर्लभ प्रजाति के स्याहगोश (कैराकल) की उपस्थिति दर्ज हुई है। यह बिल्ली प्रजाति का मांसाहारी जानवर है। वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप कैमरा में नर कैराकल कैद हुआ है, हालांकि अभी यह नहीं बताया गया है कि अभयारण्य में यह कितनी संख्या में है, लेकिन दुर्लभ प्रजाति के कैराकल के गांधीसागर अभयारण्य में दिखने से वन विभाग के अधिकारी खुश हैं।
उनका कहना है कि दुर्लभ माने जानी वाली प्रजातियों का अभयारण्य में दिखना जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। डीएफओ संजय रायखेरे ने बताया कि गांधीसागर अभयारण्य में संरक्षित आवासों की गुणवत्ता और संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि यहां दुर्लभ प्रजाति के जानवर भी दिख रहे हैं। कैराकल को स्थानीय रूप से स्याहगोश कहा जाता है।
कैराकल की उपस्थिति दर्शाती है कि गांधीसागर क्षेत्र के शुष्क और अर्द्ध-शुष्क पारिस्थितिकीय तंत्र अब भी इतने समृद्ध और संतुलित हैं जो इस दुर्लभ प्रजाति को आश्रय दे सकते हैं। मध्य प्रदेश में कई वर्षों बाद किसी संरक्षित क्षेत्र में कैराकल की पुष्टि हुई है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।







