‘शादी करूंगा’ कहकर बनाया संबंध, फिर निकला शादीशुदा: महिला के गहने गिरवी रख 10 हजार भी हड़पे, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 16 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने, उसके पैसे और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान (34) के रूप में हुई है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता शहर की एक दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में काम करती है। वर्ष 2025 की शुरुआत में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी, जो अक्सर दुकान पर सामान खरीदने आता था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का वादा किया। पीड़िता के पहले से विवाहित होने और पति से अलग रहने की जानकारी होने के बावजूद आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे विवाह करेगा।
शिकायत के मुताबिक, 21 फरवरी 2025 को आरोपी पीड़िता के किराये के मकान पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार विवाह का भरोसा देकर महिला के साथ संबंध बनाता रहा।
गहने गिरवी रखवाकर पैसे भी हड़पे
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाए और वहां से मिले 10 हजार रुपये भी अपने पास रख लिए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब महिला ने विवाह की बात की तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और गुंडे भेजकर उठवा देने की धमकी भी दी।
फरार आरोपी को ट्रेलर चलाते समय दबोचा
धमकियों से डरी पीड़िता ने अपना किराये का मकान बदल लिया और 14 जुलाई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। मामले में बीएनएस की धारा 69 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी फरार मिला, लेकिन सूचना के आधार पर महिला थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा में ट्रेलर चलाते समय उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











