बिलासपुर में रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर ने फांसी लगाकर दी जान, आत्महत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर ही मौजूद थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार सरकंडा के चटर्जी गली निवासी 68 वर्षीय सीताराम गुप्ता पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। उनके चार बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और सभी अलग-अलग रहते हैं। बुधवार शाम वह अपने कमरे में चले गए थे।
देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी पत्नी उन्हें आवाज देते हुए कमरे तक पहुंचीं। कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर उन्होंने देखा कि सीताराम गुप्ता फंदे से लटके हुए हैं। यह दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल अपने बेटों और पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सरकंडा थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।











