रीवा : चलती गाड़ी से कूदा आरोपी और हो गया गायब! पुलिस देखती रह गई, उठे सुरक्षा पर बड़े सवाल

रीवा :  पुलिस कस्टडी से एक शातिर बदमाश के फरार होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बाइक चोरी के मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक आरोपी उस वक्त भाग निकला, जब जवा थाना से बिछिया पुलिस उसे लेकर बिछिया थाना आ रही थी.

आरोपी की इस फिल्मी फरारी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
चलती गाड़ी से लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन कॉलोनी में हुई बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए जवा पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया था. शुक्रवार को जब पुलिस टीम आरोपियों को कागजी कार्रवाई और अग्रिम जांच के लिए बिछिया थाना रीवा ला रही थी, तभी रास्ते में मौका पाकर एक आरोपी ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी.

हथकड़ी साथ ले उड़ा आरोपी
हैरानी की बात यह है कि आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी, जिसे लेकर वह पलक झपकते ही ओझल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा किया, लेकिन अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा.

अलर्ट पर पुलिस, नाकेबंदी जारी
इस घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं.पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

बड़ा सवाल: कड़ी सुरक्षा और हथकड़ी होने के बावजूद आरोपी का भाग निकलना कहीं न कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली और लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है.

close