वर्ल्ड कप 2026 के बाद खत्म होगा रोनाल्डो का सुनहरा सफर? बहन ने दिया बड़ा संकेत

फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के इंटरनेशनल करियर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रोनाल्डो की बहन कटिया एविरो ने संकेत दिए हैं कि जारी फीफा वर्ल्ड कप 2026 पुर्तगाल की नेशनल टीम के साथ उनके भाई का आखिरी टूर्नामेंट होगा और इसके बाद वो इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लेंगे.इस मेगा इवेंट में पुर्तगाल के दमदार प्रदर्शन के बीच आई इस खबर ने खेल जगत में हलचल मचा दी है, और इसे रोनाल्डो का ‘लास्ट डांस’ माना जा रहा है.

रोनाल्डो की बहन ने किया बड़ा खुलासा

41 साल अल-नासर स्टार रोनाल्डो के इस वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेने की उम्मीद फैंस को पहले से थी. लेकिन उनकी बहन कटिया ने स्पोर्ट टीवी से बात करते हुए इस बात पर पक्की मुहर लगा दी है. कटिया ने कहा, ‘जब तक यह सफर चल रहा है, इसका पूरा आनंद लें. यह बहुत जल्द खत्म होने वाला है. एक काफी विश्वसनीय सूत्र से मुझे जो जानकारी मिली है… उसके मुताबिक यह रोनाल्डो का ‘लास्ट डांस’ है.’

2030 वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीदों पर लगा विराम

हाल ही में पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बड़ा बयान देते हुए कहा था कि रोनाल्डो की फिटनेस को देखते हुए वो साल 2030 के वर्ल्ड कप में भी खेल सकते हैं. हालांकि, पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के हेड पेड्रो प्रोएनका ने कोच के इस बयान से असहमति जताई थी. प्रोएनका का मानना था कि रोनाल्डो का 2030 वर्ल्ड कप में खेलना एक बड़ा आश्चर्य होगा और इसकी संभावना काफी कम है. अब रोनाल्डो की बहन के इस ताजा खुलासे ने कोच की उन उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है.

करियर का छठा वर्ल्ड कप

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह छठा फीफा वर्ल्ड कप है. साल 2006 में अपना पहला वर्ल्ड कप खेलने वाले रोनाल्डो ने हर एडिशन में अपनी छाप छोड़ी है. रोनाल्डो पुरुष इंटरनेशनल फुटबॉल के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले और अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. इस बार भी वो अपनी टीम को वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में पहुंचा चुके हैं. हाल ही में उन्होंने ‘राउंड ऑफ 32’ के मुकाबले में क्रोएशिया के खिलाफ एक शानदार पेनाल्टी गोल दागकर वर्ल्ड कप के नॉकआउट इतिहास में अपना पहला गोल दर्ज करके लंबे इंतजार को भी खत्म किया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com