RR vs MI: बारिश नहीं, इस वजह से रद्द होगा राजस्थान-मुंबई का मैच? गुवाहाटी में है ये अलर्ट


कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया आईपीएल 2026 का 12वां मैच रद्द हो गया. कोलकाता में हुई बारिश के कारण ये मैच सिर्फ 22 गेंदों के बाद ही रोकना पड़ा और फिर दोबारा शुरू नहीं हो सका. अब इस सीजन में लगातार दूसरे दिन मैच रद्द होने का डर सता रहा है. मंगलवार 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच गुवाहाटी में मुकाबला होना है, जिसको लेकर चेतावनी जारी की गई है. मगर इस बार बारिश नहीं बल्कि एक अलग वजह मैच रद्द होने का कारण बन सकती है.
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर भी मौसम की तिरछी नजर बनी हुई है. हालांकि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मैच के दौरान बारिश की आशंका नाममात्र है और इसके चलते मैच पर कोई असर पड़ने के चांस नहीं हैं. मगर जो खतरा मंडरा रहा है, वो है आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का. जी हां, गुवाहाटी में मंगलवार 7 अप्रैल के लिए मौसम विभाग की ओर से ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.
इसके मुताबिक गुवाहाटी में दिन में और शाम के वक्त तूफानी हवाएं चल सकती हैं. साथ ही इस दौरान आसमान से तेज बिजली भी चमकती रहेगी. ये सब उस दौरान होता दिखेगा, जिस वक्त राजस्थान और मुंबई के बीच मैच चल रहा होगा. ऐसे में इस बात का खतरा बना रहेगा कि कहीं ये आंधी-तूफान मैच में दखल न दे. अगर हवा बहुत तेज चलती रही तो इससे मैच में मुश्किलें खड़ी होना तय है और ऐसे में मैच को रोकने की नौबत आ सकती है जैसा कि पहले भी देखने को मिला है. पूरा मैच रद्द होगा या नहीं, ये तो शाम को ही पता चलेगा.
पॉइंट्स टेबल के हिसाब से देखें, अगर मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को थोड़ा फायदा और कुछ नुकसान ही होगा. नियमों के मुताबिक तो गुवाहाटी और मुंबई में 1-1 पॉइंट बांटा जाएगा. मगर दोनों को 1-1 पॉइंट का नुकसान भी होगा. राजस्थान के पास लगातार तीसरी जीत के साथ पहला स्थान हासिल करने का मौका है. साथ ही वो पंजाब किंग्स पर 1 पॉइंट की भी बढ़त ले सकती है. मैच रद्द होने पर भी वो पहला स्थान हासिल कर सकती है लेकिन फिर उसके भी पंजाब के बराबर 5 पॉइंट्स होंगे. वहीं मुंबई के हाथ से भी 1 पॉइंट निकल जाएगा और वो बेंगलुरु, दिल्ली और राजस्थान की बराबरी करने से चूक जाएगी.











