बालोद: सीक्रेट चैंबर वाली कार से 3 करोड़ रुपए नकद बरामद, दो युवक हिरासत में

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र नंबर की क्रेटा कार (MH 04 MA 8035) से 3 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं. यह रकम कार में बने एक सीक्रेट चैंबर में छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने कार सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच गुंडरदेही इलाके में पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान एक कार पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगी. शक होने पर पुलिस ने नाकाबंदी की और बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग के पड़कीभाठ बायपास के पास कार को रोक लिया.

कार की तलाशी लेने पर सीट के नीचे एक गुप्त चैंबर मिला, जिसमें ताला लगा था. जब उसे खोला गया तो 500 और 100 रुपए के नोटों के बंडलों में कुल 3 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए. यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई थी. नकदी की गिनती के लिए पुलिस ने एसबीआई बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगवाई.

रायपुर से नागपुर जा रहा था कैश

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कार रायपुर से महादेव घाट मार्ग होते हुए दुर्ग-रनचिराई के रास्ते अंदरूनी मार्गों से नागपुर की ओर जा रही थी. फिलहाल इस भारी रकम के स्रोत और उपयोग को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. एसडीओपी राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पूरे मामले को आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग (आईटी) को सौंपा जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com