गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्कूलों का समय बदला, 16 मार्च से सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्कूलों के संचालन का समय बदल दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 16 मार्च से सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
यह आदेश जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें शासकीय और अशासकीय दोनों प्रकार के स्कूल शामिल किए गए हैं।
जारी निर्देश में बताया गया है कि 16 मार्च से प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इन परीक्षाओं को केंद्रीयकृत समय सारिणी के अनुसार संचालित करने के उद्देश्य से स्कूलों के समय में यह बदलाव किया गया है।
इस संबंध में परिपत्र सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के प्रधान पाठकों को भेजा गया है।
हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं और मूल्यांकन कार्य पर इस आदेश का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अन्य सभी पूर्व निर्देश यथावत लागू रहेंगे।











