मानसून सत्र का दूसरा दिन: जल जीवन मिशन पर सरकार से जवाब-तलब

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता और उनके भौतिक सत्यापन को लेकर सरकार से सवाल किए। इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने सदन में जवाब दिया।
आज की कार्यवाही राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम मानी जा रही है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की अनुमति मांगने की तैयारी में है, जिससे सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण तथा जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी सदन में उठाया जाएगा।
वहीं, विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न जनहित से जुड़ी याचिकाएं सदन के पटल पर रखेंगे। इन मुद्दों को लेकर आज विधानसभा में सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार चर्चा होने की संभावना है।











