रात 2 बजे पत्नी को प्रेमी के साथ देखा, पति ने खोया आपा : चाकू से गले पर वार कर हत्या की, शव झाड़ियों में फेंका

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्से में पति ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को अंजनी गांव की झाड़ियों में फेंक दिया।

मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी (28) के रूप में हुई है। आरोपी पति सुमित कुमार यादव (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों जेपी एग्रोटेक कंपनी में मजदूरी करते थे। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

रात में पत्नी को ढूंढने निकला था पति

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे सुमित की नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। वह उसे तलाशने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान उसने पत्नी को जितेंद्र मंडल नाम के युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।

यह देखकर सुमित गुस्से में आ गया और जितेंद्र को पकड़ने के लिए दौड़ा, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद सुमित और लक्ष्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।

चाकू से गले पर किया वार

विवाद के दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को अंजनी गांव की झाड़ियों में फेंक दिया।

बाद में जेपी एग्रोटेक कंपनी में काम करने वाले मजदूरों ने झाड़ियों में महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी पति ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दिए। हालांकि, पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया।

गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238(ख) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close