सूरजपुर में खुदकुशी का हैरान करने वाला तरीका: पैरों में पत्थरों से भरी बोरी बांधी, फिर कुएं में कूदा युवक

सूरजपुर, 15 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले युवक ने अपने पैरों में रस्सी से पत्थरों से भरी बोरी बांध ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का है। मृतक की पहचान गांव निवासी सुमेर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमेर पहले भी दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था, लेकिन दोनों बार उसकी जान बच गई थी।

जानकारी के मुताबिक, पहली बार सुमेर ने फांसी लगाने की कोशिश की थी। हालांकि, जिस पेड़ से उसने फंदा लगाया था, उसकी डाल टूट गई और वह बच गया। इसके बाद उसने दूसरी बार कुएं में कूदकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन तैरना आने के कारण वह बाहर निकल आया था।

इस बार सुमेर ने अपने पैरों में रस्सी बांधी और पत्थरों से भरी बोरी को भी पैरों से बांध लिया। इसके बाद वह कुएं में कूद गया। पत्थरों के वजन के कारण वह पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, सुमेर की प्रवृत्ति सनकी बताई जा रही है और गांव के लोगों से भी उसकी ज्यादा नहीं बनती थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close