छत्तीसगढ़ के सक्ती में सनसनी: युवती को गोलियों से भूना, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जोंगरा गांव में अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक युवती को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
हर्बल लाइफ व्यवसाय से जुड़ी थी युवती
मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा हर्बल लाइफ उत्पादों के व्यवसाय से जुड़ी हुई थी और गांव में ही अपना काम करती थी। घटना के समय वह अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थी, तभी अचानक बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे।
नकाबपोश हमलावरों ने बरसाई गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अपने चेहरे ढंक रखे थे। मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।











