बिलासपुर में सनसनी: गणेश नगर में युवक की निर्मम हत्या, शव के पास मिले खून से सने भारी पत्थर

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव गली के बीचों-बीच पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव

मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल से मिले खून से सने पत्थर

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की है।

शराबखोरी के बाद विवाद की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला शराबखोरी के बाद हुए आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट कर ली जाएगी

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com