सरकारी नौकरी का झांसा देकर महिला से डेढ़ लाख की ठगी, मूल दस्तावेज भी लेकर हुआ फरार

भिलाई में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 1.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रायपुर के कृषि विभाग में क्लर्क बताकर महिला का विश्वास जीता और सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूल ली। इसके बाद उसने महिला से शैक्षणिक मूल दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर किए हुए कोरे कागज भी अपने पास मंगवा लिए। जब न नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए तो पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कोहका स्थित शिवाजी नगर निवासी 40 वर्षीय महिला की पहचान फेसबुक के माध्यम से आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को कृषि विभाग में कार्यरत क्लर्क बताते हुए विभाग में अच्छी पहुंच होने का दावा किया और सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने 1.50 लाख रुपए की मांग की।

सरकारी नौकरी की उम्मीद में महिला ने अपने सोने के गहने गिरवी रखकर रकम की व्यवस्था की और आरोपी द्वारा बताए गए यूपीआई आईडी पर अलग-अलग किश्तों में पूरी राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद नौकरी की प्रक्रिया पूरी कराने का हवाला देते हुए आरोपी ने महिला से ग्रेजुएशन की मूल अंकसूची, प्रमाण पत्र, अन्य आवश्यक दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर किए हुए कोरे कागज भी मंगवा लिए।

रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए। महिला द्वारा बार-बार संपर्क करने पर आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया। पीड़िता ने बताया कि गहने गिरवी रखने के कारण उसे हर महीने ब्याज भी चुकाना पड़ रहा है और आर्थिक तंगी के चलते वह अपने गहने भी नहीं छुड़ा पा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 6 मई 2026 को आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए महिला से संपर्क कर ऑनलाइन माध्यम से 1.50 लाख रुपए प्राप्त किए थे। प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उसके मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी, बैंक खातों, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही ठगी गई राशि और महिला के मूल दस्तावेज बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com