घरेलू विवाद में बेटे ने मां की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी हिरासत में

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डभरा थाना क्षेत्र के भेड़िकोना गांव में एक बेटे ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ते-बढ़ते इतना गंभीर हो गया कि बेटे ने अपना आपा खो दिया और मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।

गंभीर चोटों से हुई महिला की मौत

पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी ने महिला की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। वारदात की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद डभरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल से आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com