बेटे ने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर की पिता की हत्या:3 साल से था जमीन विवाद, पीटते हुए सड़क पर घसीटा, फिर मारी टक्कर, पुलिस ने हिरासत में लिया

खेतड़ी के ढोसी गांव में जमीन विवाद के चलते एक बेटे ने अपने पिता को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर हत्या कर दी। बेटा पहले मारपीट करते हुए पिता को घसीकर सड़क पर लाया और फिर ट्रैक्टर से टक्कर मार दी।
घटना मेहाड़ा थाना क्षेत्र में रात करीब 10:30 बजे की है।
मृतक के दामाद ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दिया है।
मारपीट करते हुए सड़क पर लाया
मृतक के दामाद, बाढड़ा निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया – ढोसी निवासी महावीर प्रसाद (65) गुरुवार को घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी रिश्तेदारों के यहां गई हुई थी। रात करीब 10:30 बजे महावीर प्रसाद धर्मशाला के पास बैठे थे। इसी दौरान उनके बेटे शमशेर सिंह(38) ने वहां आकर उनसे मारपीट शुरू कर दी।
ट्रैक्टर से मारी टक्कर
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन शमशेर सिंह अपने पिता को पीटते हुए सड़क पर ले आया। इसके बाद उसने वहां खड़े अपने ट्रैक्टर से महावीर प्रसाद को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी। महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तुरंत खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मेहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शमशेर सिंह को हिरासत में ले लिया।
3 साल से था जमीन विवाद, अलग रहता था बेटा
थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया – पिता और बेटे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शमशेर सिंह और पिता महावीर प्रसाद के बीच तीन साल से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कई बार रिश्तेदारों ने बैठाकर समझाइश भी की गई थी।
विवाद के चलते आरोपी अपने पिता से अलग रहता था। मृतक महावीर प्रसाद के चार बेटी व एक बेटा भी है। मृतक खेती बाड़ी का काम करता है। घटना के समय महावीर प्रसाद की पत्नी अपने रिश्तेदारों के यहां घरड़ाना गई हुई थी।
पुलिस ने महावीर प्रसाद के शव का राजकीय उप जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमाॅर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।











