पुत्र ने पिता पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते पुत्र ने अपने पिता पर गंभीर हमला कर दिया। यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पुत्र ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही माकड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, आरोपी पुत्र को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना की जांच में यह बात सामने आई कि परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था। पुलिस ने बताया कि घायल पिता का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

close