धमतरी में मानवता की मिसाल: कुएं में कूदकर 7 जिंदगियां बचाने वाले जयंत ध्रुव को एसपी ने किया सम्मानित

धमतरी: कुरुद विकासखण्ड अंतर्गत कुएं में कूदकर 7 लोगों की जिंदगी बचाने वाले भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम बगदेही निवासी जयंत ध्रुव को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में उनके अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं मानवीय संवेदना के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा सम्मानित किया गया.

इस दौरान एसपी परिहार ने कहा कि जयंत ध्रुव द्वारा अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में कूदकर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना समाज के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद उदाहरण है. ऐसे साहसी नागरिक समाज में मानवता, कर्तव्य और साहस की मिसाल प्रस्तुत करते हैं.

उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के ग्राम बगदेही में रविवार को ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्गों एवं छोटे बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा. हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 3–4 वर्ष के मासूम बच्चे एवं बुजुर्ग शामिल थे.

घटना को देखते ही स्थानीय सरपंच पति जयंत ध्रुव ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगाई और अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में डूब रहे मासूम बच्चों सहित सभी 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. उनकी तत्परता, साहस एवं मानवता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों की जान बच सकी.

धमतरी पुलिस द्वारा ऐसे साहसी एवं समाजहित में कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित कर जनमानस में सकारात्मक संदेश देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com