भाजपा के अच्छे दिनों में सिलेंडर गायब, सपा नेता का अनोखा प्रदर्शन

अमेठी : रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने अमेठी तहसील क्षेत्र के बासूपटी गांव में अनोखा प्रदर्शन किया.उन्होंने ग्रामीणों के साथ लकड़ी और कंडे के चूल्हे पर भोजन बनाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया.
जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि भाजपा के अच्छे दिनों का सिलेंडर अब खाली हो चुका है। लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, लेकिन उनसे कहा जा रहा है कि जब तक उपभोक्ता के पास डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नंबर नहीं होगा, तब तक सिलेंडर नहीं दिया जाएगा.इससे जनता में रोष बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि यदि गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है और डीएसी नंबर नहीं आ रहा है तो इसके लिए आम जनता जिम्मेदार नहीं है। सर्वर चलाना और व्यवस्था ठीक करना सरकार की जिम्मेदारी है.उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने लोगों को सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि घरों में बच्चे और बुजुर्ग भूखे रहने को मजबूर हैं.
सपा नेता ने आरोप लगाया कि सिलेंडर वितरण में कालाबाजारी हो रही है और मजबूरी का फायदा उठाकर लोगों से कई गुना ज्यादा कीमत वसूली जा रही है। उन्होंने कहा कि कभी जनता ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटक रही थी और अब खाने की गैस के लिए भटक रही है.
जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है और जनता अब बदलाव चाहती है.उनका कहना है कि आज लोग मजबूरी में लकड़ी और कंडे के सहारे चूल्हे पर खाना बनाने को विवश हैं.उन्होंने कहा कि जनता फिर से विकास की राह पर लौटने के लिए समाजवादी सरकार चाहती है.











