छत्तीसगढ़ के न्यायाधीश संजय के.अग्रवाल राजस्थान-हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे:जस्टिस पुष्पेंद्र भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का सीजे बनाने की सिफारिश

छत्तीसगढ़ के न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश होंगे। जस्टिस एसपी शर्मा अब कार्यवाहक न्यायाधीश नहीं रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जज जस्टिस संजय के. अग्रवाल का राजस्थान हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के तौर पर तबादला करने की सिफारिश की है।

वहीं सुप्रीम कोर्ट कॉलिजियम ने राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेंद्र भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है।

इससे पहले जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एक्टिंग CJ) संजीव प्रकाश शर्मा के खिलाफ सोमवार को वकीलों ने प्रदर्शन किया। वकीलों के एक समूह ने एक्टिंग सीजे के कोर्ट रूम के बाहर जमकर नारेबाजी की। इसके चलते ज्यादातर वकील कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश नहीं हो सके। ACJ की कोर्ट का बहिष्कार किया।

दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद शुरू हुआ।

अपने लेटर में जस्टिस मेहता ने एक्टिंग सीजे की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें राजस्थान से हटाने की मांग की थी। इसके बाद अब वकीलों ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बार एसोसिएशन बैठक करके लेगी फैसला

सोमवार को हुए प्रदर्शन को राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने अपना समर्थन नहीं दिया। लेकिन पिछले कई दिनों से जोधपुर हाईकोर्ट बार और जयपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इस मुद्दे को लेकर बातचीत कर रही है।

दोनों बार एसोसिएशन की संयुक्त रूप से बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में फैसला किया जाएगा कि जस्टिस संदीप मेहता के लिखे गए लेटर के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पक्ष अथवा विरोध में किस तरह की रणनीति अपनाई जाए।

इस सप्ताह एक्टिंग सीजे नहीं करेंगे सुनवाई

जयपुर हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और वकीलों के बीच हुए गतिरोध के बीच एसीजे अगले एक सप्ताह सुनवाई नहीं करेंगे। हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार एक्टिंग सीजे 1 से 3 सितंबर तक नॉन सीटिंग रहेंगे। वहीं 4 सितंबर को जन्माष्टमी और 5-6 सितंबर को शनिवार-रविवार का अवकाश होने के चलते हाईकोर्ट बंद रहेगा। ऐसे में इस सप्ताह के बाकी दिनों में एक्टिंग सीजे की बेंच नहीं बनेगी।

सुप्रीम कोर्ट जस्टिस ने की थी हाईकोर्ट के एक्टिंग सीजे को हटाने की मांग

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता ने राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को हटाने की मांग की थी। जस्टिस मेहता ने CJI सूर्यकांत को लेटर लिखे थे। इनमें कहा गया कि जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं। जस्टिस मेहता ने लिखा कि जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अक्सर साथी जजों को ट्रांसफर की धमकी देते हैं। खुद को CJI का करीबी बताते हैं। उन्होंने मांग की कि राजस्थान हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।

जस्टिस मेहता ने CJI को लिखा कि स्थायी न्यायाधीश की नियुक्ति के विचार की लगातार अनदेखी संस्था के हित के पूरी तरह से खिलाफ है। जस्टिस संदीप मेहता ने जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को हटाने के लिए 2, 10 और 17 अगस्त को CJI को लेटर लिखे थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close