तीजन बाई के नाम पर मिलेगा राज्यस्तरीय सम्मान: संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की घोषणा, घासीदास संग्रहालय में रखा जाएगा ऐतिहासिक तंबूरा

रायपुर , 08 जुलाई 2026
पंडवानी की महान लोकगायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए रायपुर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तीजन बाई के कला जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री ने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने घोषणा की कि अब पंडवानी कला के क्षेत्र में स्वर्गीय तीजन बाई के नाम पर राज्यस्तरीय पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही उनके पैतृक गांव गनियारी का समग्र विकास कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी कला और विरासत से प्रेरणा ले सकें।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि तीजन बाई द्वारा उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब घासीदास संग्रहालय में सुरक्षित रखा जाएगा और आम लोगों के दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। संस्कृति विभाग उनकी स्मृतियों, कला और योगदान को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय लोककला में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।











