गला घोंटकर पत्नी को मारा…अर्धनग्न कर झाड़ियों में फेंकी लाश:दंतेवाड़ा में चाचा ने भी दिया साथ, रेप-मर्डर का सीन बनाकर पुलिस को गुमराह किया

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पति ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने चाचा के साथ मिलकर शव को घर से दूर फेंक दिया था। पुलिस और लोगों को गुमराह करने के लिए ऐसा दिखाया गया था कि उसके साथ रेप कर हत्या की गई है, इसलिए उसके कपड़े उतार दिए गए थे।

मामला भांसी थाना क्षेत्र का है। 40 दिनों तक लगातार इन्वेस्टिगेशन के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी पति और इस वारदात में उसका साथ देने वाले चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

ये था पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, वारदात 1 अक्टूबर 2025 की रात हुई है। 2 अक्टूबर को पुलिस को कुंदेली की महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला था। पुलिस ने रीना रयामी के रूप में उसकी पहचान की थी। पति की शिकायत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया और आरोपी की तलाश में जुट गई थी।

पुलिस अफसरों ने कहा कि 1 अक्टूबर की रात महिला अपने घर पहुंच गई थी। जहां इसके पति राजेश रयामी (27) के साथ पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद युवक ने पहले अपनी पत्नी की पिटाई की और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में युवक का चाचा राजेश रयामी (36) भी उसके साथ था।

साक्ष्य छिपाने बनाया रेप और हत्या का प्लान

साक्ष्य छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए दोनों ने इसे रेप कर हत्या करार देने का प्लान बनाया। फिर इसके शव को रात के अंधेरे में घर से लेकर निकले। जिसके बाद कुंदेली के पास ही झाड़ियों में अर्धनग्न कर लाश फेंक दी। लाश की स्थिति ऐसी कर दी की कोई भी देखता तो उसे ऐसा लगता मानो महिला का रेप हुआ है। रेप के बाद हत्या की गई है।

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने भांसी मासापार, धुरली, गमावाड़ा, धुरली, समेत अन्य गांव के एक-एक ग्रामीण से इस मामले को लेकर पूछताछ की। सैकड़ों मोबाइल लोकेशंस निकाले गए। वहीं पुलिस को महिला के पति पर ही शक था। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पुलिस ने हर एंगल से बारीकी से इस मामले की जांच की।

आरोपी युवक पुलिस को गुमराह करता रहा। हालांकि, बाद में पुलिस के सामने उसने हत्या का राज खोल दिया। इसके बाद उसने अपने चाचा का भी नाम बताया। पुलिस ने दोनों चाचा-भतीजा को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया है।

मुश्किल था, पर सॉल्व किया केस – SP

दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने बताया कि पुलिस के लिए ये ब्लाइंड मर्डर केस को सॉल्व करना थोड़ा मुश्किल था। लेकिन लगातार इन्वेस्टिगेशन और सैकड़ों लोगों के बयान के बाद पुलिस ने इस केस को सॉल्व कर लिया है। पुलिस को शुरुआत से ही महिला के पति पर शक था। अब दोनों चाचा-भतीजे को जेल भेज दिया गया है।