स्कूल में गाली देने पर छात्र को मिली अनोखी सजा, 200 बार अपशब्द लिखवाने का मामला जांच के दायरे में

अंबिकापुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र को कथित तौर पर 200 बार मां से संबंधित अपशब्द लिखने की सजा देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

विवाद के बाद दी गई सजा

जानकारी के अनुसार, कक्षा आठवीं के दो छात्रों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि एक छात्र द्वारा गाली देने पर शिक्षिका ने उसे अपनी कॉपी में हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार वही अपशब्द लिखने का निर्देश दिया। इतना ही नहीं, छात्र से कॉपी पर अभिभावकों के हस्ताक्षर कराकर लाने के लिए भी कहा गया।

परिजनों और एबीवीपी ने जताया विरोध

छात्र के पिता ने इस सजा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बच्चों को स्कूल शिक्षा और संस्कार देने के लिए भेजा जाता है, न कि अपशब्द लिखने के लिए मजबूर करने के लिए। उनका कहना है कि शिक्षक बच्चे को समझाकर भी सुधार सकते थे। इधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर संबंधित शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

डीईओ ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीर मानते हुए सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने सहायक संचालक को स्कूल भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सजा उचित नहीं है और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com