सूरजपुर: सब्जी बेचने गई महिला की गला दबाकर हत्या, आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार

सूरजपुर: ग्राम सोनवाही में हुई महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए चौकी लटोरी पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है. मामला 25 अक्टूबर का है, जब ग्राम सोनवाही निवासी हुकुमसाय राजवाड़े की पत्नी सुरमिला राजवाड़े (37 वर्ष) सब्जी बेचने अंबिकापुर गई थी और रात तक घर नहीं लौटी. अगले दिन सुबह उसका शव सोनवाही चौक के पास गड्ढे में पाया गया. सूचना पर मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 258/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की पतासाजी हेतु टीम गठित की. एएसपी संतोष महतो व एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों ऑटो चालकों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध राहुल कुशवाहा (30 वर्ष) निवासी ग्राम रजबांध सलका, जिला सरगुजा, वर्तमान पता ग्राम गणेशपुर थाना जयनगर को हिरासत में लिया.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मृतिका को अंबिकापुर से घर छोड़ने के बहाने लाया था और सोनवाही चौक के पास उसने छेड़छाड़ का प्रयास किया. विरोध करने पर उसने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया गया है.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेश कुंतल, चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता, सायबर सेल प्रभारी राकेश यादव सहित पुलिस टीम के सदस्य रामनिवास तिवारी, आनंद सिंह, विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, सुनील एक्का, मनोज सिरदार, इन्द्रजीत सिंह एवं महिला आरक्षक मालती शोभा एक्का की भूमिका सराहनीय रही.











